यमुनानगर। पंजाब के नाभा जेल में एक आपराधिक मामले में बंद आरोपी शिव कुमार को थाना सदर यमुनानगर की पुलिस टीम प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। शिव कुमार पर गांव खंडवा के दंपती से कनाडा भेजने के नाम पर 67 लाख रुपये ठगने का आरोप है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए शिव कुमार कुमार को एक दिन के रिमांड पर लिया है। थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि गांव खंडवा निवासी जगबीर सिंह ने एक जनवरी 2025 को शिकायत दी थी कि वह अपनी पत्नी नीरज रानी के साथ विदेश जाना चाहता था। फेसबुक पर द ओसी एजुकेशन कंपनी का विज्ञापन देखकर उन्होंने उस पर दिए नंबर पर संपर्क किया तो वहां पर कंपनी के कमलजीत सिंह से बात हुई, जिसने वर्क वीजा पर उसे विदेश भेजने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने अगस्त में यमुनानगर के मॉडल टाउन में आकर कनाडा का वर्क वीजा लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए 20 लाख रुपये का खर्च बताया। उसे अलग-अलग कर चार लाख 67 हजार रुपये दिए। साथ ही उसे दस्तावेज भी दिए।
इसके बाद पत्नी व उसके कनाडा एंबेसी चंडीगढ़ में बायोमीट्रिक भी कराई। छह माह में वीजा लगाने का वादा किया, पर तय समय में भी वीजा नहीं लगाया। रुपये वापस मांगे तो देने से इंकार कर दिया और धमकियां दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो पाया कि ठगी के आरोप जिस पंजाब के मोहाली के सेक्टर-61 में द ओसी एजुकेशन फर्म पर है, उसका संचालक शिव कुमार है।
साथ ही पता चला कि उसने काफी लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगा है। तब उसे पंजाब के नाभा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर रिमांड पर लिया गया। संवाद