संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की कांवड़ यात्रा को लेकर कैथल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने जानकारी दी कि जिले के नौ प्रमुख नाकों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही 17 राइडर दस्ते नियमित गश्त पर रहेंगे और 7 पेट्रोलिंग टीमें यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखेंगी।
कांवड़ियों का पंजीकरण अनिवार्य ः एसपी आस्था मोदी ने सभी थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए हैं कि वे शिवभक्तों के साथ समन्वय बनाएं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने अपील की कि कांवड़ यात्रा शुरू करने से पूर्व श्रद्धालु अपने नजदीकी थाने में नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज कराएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
शिविरों में हों व्यवस्थाएं ः एसपी ने निर्देश दिए कि शिविरों में सीसीटीवी कैमरे, महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, और मुख्य सड़क से दूर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत संपर्क करने की अपील की गई है।
नशे के सेवन, शोर-शराबा और हथियारों पर रोक
एसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान भांग या अन्य किसी भी प्रकार के नशे का सेवन, शोर-शराबा करना या सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालना कानूनन अपराध होगा। ऐसे में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसी श्रद्धालु को हथियार या नुकीले भाले आदि लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन आवश्यक बताया गया है। पुलिस ने सभी कांवड़ शिविर संचालकों से अपील की है कि वे अपने शिविर सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगाएं और आवागमन की व्यवस्था सड़क के बाईं ओर रखें, ताकि यातायात बाधित न हो।