संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। 16वें मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को खंड शिक्षा कार्यालय पूंडरी में विभिन्न खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी के विद्यार्थियों की टीम प्रथम रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश सिंगला ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है, इसलिए बच्चों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर पूंडरी खंड के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाषण, निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में भाषण प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी की छात्रा सिमरनजीत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल पूंडरी की छात्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय पिलनी की टीम द्वितीय स्थान पर रही। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में शहीद लांस नायक गजे सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ट्योंठा की छात्रा राधिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश सिंगला ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उनकी सफलता की कामना की। प्रतियोगिताओं के दौरान राज कुमार, सुधीर कुमार, बृजेश टाया और धीरज कौशिक ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। इस मौके पर अनिल कुमार, नरेश बनवाला, विनोद कुमार और राजकुमार भी उपस्थित रहे।