कैथल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण कानूनों, बाल विवाह निषेध अधिनियम तथा बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी गई। अंत में छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गुर्जर ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुप्रथा है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बाधा बनती है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संवेदनशील सोच और कानूनों के सख्त एवं प्रभावी क्रियान्वयन से ही बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज में भी बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह विरोधी शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्लूसी) के चेयरमैन भीमसेन अग्रवाल, प्रोटेक्शन ऑफिसर सुनीता शर्मा, प्रिंसिपल सतीश मछाल, एनजीओ कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार, अधिवक्तागण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।