कैथल। ओएसडीएवी विद्यालय परिसर में छात्रों के बीच खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या अंजु तलवाड़ उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित कर उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता सातवीं और आठवीं कक्षा के खिलाड़ियों के बीच आयोजित की गई, जिसमें लड़के और लड़कियों की अलग-अलग टीमों ने भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल और टीमवर्क का शानदार परिचय दिया। मैच के दौरान दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लिया।
अच्छे प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रधानाचार्या अंजु तलवाड़ ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खो-खो केवल खेल नहीं, बल्कि एकजुटता, अनुशासन और मानसिक संतुलन का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को जीवन में भी अनुशासन का पालन करना सिखाते हैं।