22 ढांड 02 विजेता खिलाड़ी आयोजकों एवं कोच के साथ।
ढांड। ब्लॉक स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टीक के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन वर्गों में रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के साथ विद्यालय की तीनों टीमें अब जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण तंवर ने बताया कि छात्र-छात्राओं ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि अंडर-19 बालिका वर्ग की खो-खो टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग की हैंडबॉल टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा अंडर-17 लड़कों की हैंडबॉल टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और सफलता जोड़ दी। प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कठिन मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय की तीनों टीमें जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और जिले का नाम गौरवान्वित करेंगी।
खो-खो कोच सुशील कुमार और हैंडबॉल कोच राजेश संगरौया ने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और टीम भावना ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत करने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जता रहे हैं।
22 ढांड 02 विजेता खिलाड़ी आयोजकों एवं कोच के साथ।