संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के ऋषि नगर में स्थित जिला बागवानी कार्यालय में वीरवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने दबिश दी। इस दौरान टीम ने जिला बागवानी कार्यालय की ओर से किसानों को दी जा रही सरकारी योजनाओं पर जानकारी लेने के साथ कर्मचारियों की हाजिरी का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि वीरवार को पूरे प्रदेश में स्थित जिला बागवानी कार्यालय में एक साथ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने दबिश देकर जांच की थी। इसी कड़ी में कैथल में भी यह जांच की गई। इससे पहले भी सरकार के आदेशों पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम विभिन्न कार्यालयों में दबिश देकर जांच कर चुकी है। इसके तहत विभिन्न विभागों की ओर से लोगों को दी जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी दी जाती है।
इस दौरान यह जानकारी जुटाई जाती है कि क्या सही में लाभार्थियों को विभागों की योजनाओं का लाभ मिल पाता है या नहीं। इसी क्रम में वीरवार को भी जिला बागवानी कार्यालय में कर्मचारियों की हाजिरी की रजिस्टर जांचा। यहां पर 18 कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें से 10 स्थायी रूप से कार्यरत हैं। इनमें से आठ हाजिर रहे जबकि अन्य दो छुट्टी पर थे। इसके साथ ही हरियाणा कौशल निगम में कार्यरत आठ कर्मियों में से सात हाजिर रहे और एक कर्मी की नाइट ड्यूटी थी। इस उड़नदस्ते की टीम में पवन, कर्मबीर और भगवान चंद शामिल रहे। बातचीत में टीम सदस्यों ने बताया कि जांच रिपोर्ट ऊपर भेजी जाएगी।