संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला/चीका। गुहला क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों में निरंतर करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत करवाई जा रही है, जिससे स्कूलों में नया भवन, नए कमरों, पुस्तकालय कक्ष तथा शौचालयों आदि का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र के पांच सरकारी स्कूलों में विकास कार्य करवाने के लिए करीब दो करोड़ 66 लाख रुपये मंजूर करवाए गए हैं। यह जानकारी विधायक ईश्वर सिंह ने दी।
विधायक ईश्वर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश सरकार ने अनेक ऐसे निर्णय लिए हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की दशा एवं दिशा सुधारने का काम कर रही है।
विभिन्न प्रकार के विकास कार्य होने से विद्यार्थी इन सुविधाओं का लाभ उठाकर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा पद्धति से शिक्षा देने के लिए प्रदेश सरकार सभी स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी दिनों में क्षेत्र के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी बजट मंजूर करवाया जाएगा।
विधायक ने बताया कि इन स्कूलों में कायाकल्प को लेकर कई काम किए जाने हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैर गांव तथा लदाना चक्कू गांव में पुस्तकालय सहित अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे। दोनों स्कूलों में करीब 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी गुलाम अली में करीब एक करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से 12 नए कमरों का निर्माण किया जाएगा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विधालय हरिगढ़ किंगन में पेवर ब्लॉक स्ट्रीट और वाइट वॉश (सफेदी) सहित बिल्डिंग की मरम्मत की जाएगी। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अगौंध में सोलर लाइट लगाने सहित पेवर ब्लॉक भी बिछाई जाएंगी।