कैथल। फार्मासिस्ट बेटे को जान से मारने की धमकी देकर एक अज्ञात आरोपी ने उसके पिता को कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूंडरी निवासी मुलतान सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि उसके मोबाइल पर पहले तो 15 मई को शाम 5:49 बजे एक नंबर से कॉल की गई। इसमें फोन करने वाले ने पूछा कि क्या आपका नाम डॉ. मुलतान है तो जवाब में उसने हां कहा। उसके बाद फोन करने वाले ने उसके बेटे चरणा का नाम रखा। फिर आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये की मांग की। 18 मई को दोपहर करीब डेढ़ बजे फिर कॉल आई। आरोपी ने कहा कि अगर राजौंद अस्पताल में लगे अपने लड़के की जान प्यारी है तो रुपये दे दो। नहीं तो लड़के की खैर नहीं होगी। शिकायत में बताया कि आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये की मांग करके उसके बेटे को मारने की धमकी दी है। इस कारण उसे अपने बेटे की जान व माल का खतरा है। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।