कैथल। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत रविवार को शहर में ड्राई डे मनाया।
इस ड्राइ डे के तहत शहर की रजनी, रामनगर, प्रताप गेट, सीवन गेट और एसबीआई रोड कॉलोनी में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान लोगों को डेंगू और मलेरिया से बीमारी से बचाव को लेकर जानकारी दी।
डोर-टू-डोर सर्वे के तहत अब तक दो लाख से ज्यादा घरों का सर्वे किया जा चुका है। अब तक 420 जगहों पर लार्वा मिला है। यहां दवाई का छिड़काव कर लार्वा को नोटिस किया गया हे। जहां लार्वा मिला है, वहां मकान मालिकों को नोटिस भी दिया गया है।
जिले में इस साल मलेरिया का एक केस सामने आ चुका है, वहीं डेंगू व चिकनगुनिया का कोई केस इस सीजन में नहीं मिला है। पिछले साल डेंगू के 77 केस मिले थे। डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जानकारी दी जा रही है। ड्राई डे के तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि वे घरों के बाहर पानी जमा न होने दें, कूलरों की सफाई करें, फ्रिज की ट्रे, गमले व छतों पर रखे पुराने सामान की सफाई करें, ताकि मच्छर पैदा न हो।
स्वास्थ्य विभाग के उप सिविल सर्जन डाॅ. नीरज मंगला ने बताया कि डेंगू व चिकनगुनिया को लेकर विभाग सतर्क है। लोगों से भी अपील है कि सरकारी अस्पतालों में जांच निशुल्क होती है और प्राइवेट अस्पताल के लिए 600 रुपये निर्धारित किए हुए हैं।
अगर कोई लैब संचालक इससे ज्यादा लेता है तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं पानी घर के आसपास जमा है तो उसमें मिट्टी का तेल डाल दें या फिर पानी साफ कर गड्ढे को मिट्टी से भर दें, ताकि मच्छर पैदा न हो। संवाद