संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। बिजली के अघोषित कटों के कारण नगर के लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे बिजली का कट लगा और उसके बाद पूरा दिन बिजली नदारद रही।
सीवन के एक क्षेत्र में बिजली थोड़े समय के लिए दी, लेकिन अन्य पूरे नगर में बिजली का कट रहा। शाम को और रात के समय भी बिजली के कट चलते रहे। रात करीब 11 बजे बिजली चालू हुई तो नगर निवासियों ने राहत की सांस ली। उसमें भी कई मोहल्लों में बिजली कटी रही। एक तो गर्मी अपने चरम पर है और अभी तक बरसात नहीं हुई है। ऐसे में बिजली के कटों ने जख्मों पर नमक का काम किया। पूरा दिन लोग हाथ में पंखा लिए दिखाई दिए।
दिन में कुछ समय तक के लिए तो लोगों के इनवर्टर चले परंतु इनवर्टर कितना समय चल सकते थे। शाम होते होते इनवर्टर भी बंद हो गए। बाद में नगर निवासी परेशान होते रहे। नगर के डीएवी कॉलोनी में भी पूरी रात बिजली नहीं आई। नगर निवासी संजू पंसारी, संजय सरदाना, गोलू तनेजा, विक्की आहुजा, राजेंद्र सैनी, राकेश, पुरुषोत्तम ने कहा कि पूरा दिन बिजली का कट रहा और इसके बारे में पहले विभाग ने कोई सूचना नहीं दी।
इतने लंबे कट के कारण लोग बहुत परेशान रहे। बिजली से चलने वाले काम धंधे ठप हो गए और दुकानदार पुरा दिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। नगर निवासियों का कहना था कि रात के समय भी जब लाइट चली गई जो एक तार टूटने के कारण गई थी उस समय विभाग के शिकायत वाले नंबर पर फोन किया तो फोन का कोई जवाब नहीं मिला। बिजली निगम के एसडीओ आशीष गौतम ने बताया कि 132 केवी सब स्टेशन सीवन में एक ट्रांसफार्मर खराब हो गया था और उसके कारण से यह परेशानी हुई है। इसे ठीक करने का काम चला। इस कारण ही सप्लाई बाधित रही।