संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत नगर पालिका में मंगलवार को समाधान शिविर का आयोजन हुआ। सुबह नौ से 11 बजे तक चले शिविर मेंं नपा सचिव पवन शर्मा की अध्यक्षता में नगर के लोगों की समस्याएं सुनी गई।
इस दौरान नपा लेखाकार सचिन गिल, सफाई सुपरवाइजर सोम प्रकाश शर्मा, वर्क सुपरवाइजर अमित राणा, प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभारी कृष्ण कुमार, स्वच्छ भारत मिशन संयोजक सुरेश चहल और दूसरे कर्मी मौजूद रहे।
सचिव ने बताया कि शिविर में पहले दिन चार नागरिकों ने अपनी लिखित समस्याएं रखी। इनमें सतीश, मूर्ति, निर्मला और कृष्णा देवी शामिल रही। इनकी रिहायशी प्रमाण पत्र से संबंधित कार्रवाई का मौके पर ही निपटान किया गया।
भाजपा के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष जयदीप राणा, भाजपा युवा नेता रविंद्र धीमान, अजय प्रताप राणा, राहुल राणा और दूसरे सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा क्रमवार मौखिक तौर से शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय अनुदान योजना, स्ट्रीट लाइट, तिरंगा लाइट आदि कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करवाने के सुझाव रखे गए।
उन्होंने मांग रखी गई कि शहर में स्वच्छता के कार्य को निर्बाध रूप से गतिमान रखने के लिए डोर टू डोर सफाई एजेंसी का दो माह से रुका भुगतान किया जाए। इस पर नगर पालिका सचिव ने तुरंत प्रभाव से विधानसभा चुनाव आचार संहिता के कारण बीच मेंं रुके कार्यों को तुरंत शुरू करवाया जबकि डोर टू डोर सफाई भुगतान की फाइल को कार्यवाही पूर्ण करते हुए कार्यालय मेंं भिजवाया।
नपा सचिव पवन शर्मा ने कहा कि प्रत्येक कार्य दिवस को लगने वाले शिविर का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। यह शिविर नगर पालिका के प्रांगण में आयोजित रहेगा। उन्होंने नागरिकों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समुचित समाधान किया जाएगा। शिविर में नागरिकों ने अपने मुद्दों को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखा।
सामाजिक कल्याण योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। ताकि वे सरकारी लाभों का सही उपयोग कर सकें।
शिविर से दूर रहने पर पालिका अभियंता के रवैये पर आपत्ति जताई
कलायत। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नपा मेंं पालिका अभियंता द्वारा अतिरिक्त प्रभार के तौर पर ज्वाइनिंग के बाद भी पहले समाधान शिविर से दूर रहने पर आपत्ति जताई है।
उनका कहना है कि जब अभियंता की उपस्थिति के लिए मंगलवार और शुक्रवार का दिन निर्धारित है तो किन कारणों के चलते वह शिविर से हाजिर नहीं हुए। इस संबंध में स्पष्टीकारण लिया जाना चाहिए। इस मामले मेंं उन्होंने कलायत एसडीएम एवं नपा प्रशासक सत्यवान मान से कार्रवाई की मांग की। संवाद