फ्रेंड्स कालोनी में हनुमान वाटिका के पास खोले गए शराब के ठेके का एक बार फिर से कॉलोनी वासियों ने विरोध जताया है। इस संबंध में वे मंगलवार को डीसी कार्यालय पहुंचे तथा इस ठेके हटाने की मांग की।
कालोनी वासी खजान सिंह, धूम सिंह नैन,रामचंद्र बालू, रतिया राम, रामनिवास, बीरभान, दर्शना देवी, संतरो, संतोष, दिलबाग सिंह, कमलेश, निर्मला, ओमी देवी, पिंकी, अनीता, कृष्णा, नरेश और श्यामपती ने कहा कि कालोनी में हनुमान वाटिका के ठीक सामने शराब का ठेका खोल दिया गया है।
एक तो यह ठेका धार्मिक स्थल हनुमान वाटिका के पास है। दूसरा यहां रिहायशी इलाका होने के कारण इस का बच्चों पर बुरा असर होगा। साथ ही महिलाओं को परेशानी भी आएगी।
विदित रहे कि इससे पूर्व भी कालोनी वासी इस शराब के ठेके के खुलने के विरोध में जाम लगा चुके हैं। लोगों का कहना है कि विरोध के बावजूद यहां ठेका खोला जा रहा है। वहीं, ठेकेदारों का कहना है कि ठेका पूरी तरह से नियमों के आधार पर विभागीय अनुमति से खोला गया है। इसके खुलने से किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। कुछ लोग अन्य कारणों से ही इसका विरोध कर रहे हैं।