गुहला-चीका। पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति न होने से गुस्साए लोगों ने गुहला बिजली निगम के एसडीओ तरसेम सिंह के निवास के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाली कर रोष जताया और एसडीओ पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
वार्ड नंबर 10 निवासी जबर सिंह, राजा राम, गुरदेव, पम्मू, अजू, भाग सिंह, गुलशन, दीपक, बन्ता राम, केदार नाथ, सोमपाल जगीरो देवी ने बताया कि पिछले लगभग 15 दिन से शाम के समय उनकी बस्ती के ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाती है। उन्होंने विभाग को शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सोमवार को जब वे शिकायत लेकर एसडीओ तरसेम सिंह के पास पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने एसडीओ के निवास पर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद एसडीओ ने लोगों की समस्या को जल्द हल करवाने का आश्वासन दिया। एसडीओ तरसेम सिंह ने कहा कि शिकायत करने आए लोगों का रवैया ठीक नहीं था और न ही कभी वो लोग दिन के समय उनके कार्यालय में इस समस्य की कोई शिकायत देकर आए हैं। समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।