कैथल। जिले के समृद्ध इतिहास में बारह जुलाई को एक ओर बड़ी कड़ी जुड़ने जा रही है। 50 लाख रूपये की लागत से अपने वास्तविक रूप में लौटे कैथल के भाई उदय सिंह के किले के जीर्णोद्धार कार्य का लोकनिर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला उद्घाटन करेंगे।
नगर परिषद कैथल द्वारा उदघाटन समारोह को भव्य रूप दिए जाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। इस आयोजन में नामी गायकों एवं कलाकारों को आमंत्रित किया जा सकता है। इसके अलावा किले को अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित लाईटों की दूधिया रोशनी में सजाया जाएगा।
पचास लाख की लागत से बदला किले का वास्तविक स्वरूप
कैथल के किले की हालत कुछ समय पहले तक जीर्ण-शीर्ण हालत में था। यह अपनी पहचान खोता जा रहा था। कभी यहां के अंतिम राजा भाई उदय सिंह के समय में कैथल की आन-बान शान रहे इस किले के भीतर से ही यहां का शासन चलता था, लेकिन इसके खत्म होते वजूद के कारण इतिहास प्रेमियों में चिंता भी बढ़ती जा रही थी। वहीं हरियाणा के लोकनिर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला की ओर से इसके जीर्णोद्धार कार्य की अनुमति मिलने पर डीसी एन के सोलंकी ने इस मामले में रुचि लेते हुए 50 लाख रुपये की राशि मंजूर करवाई।
अब ग्रांट की सहायता से किले के मुख्य द्वार, ऊपर बनाए गए झरोखों सहित दीवारों को तैयार करवाया गया। मरम्मत के बाद उनको वास्तविक रूप देने के लिए लाखौरी ईंटों, शीरे समेत चूने का इस्तेमाल किया गया। ठेकेदार नाथी राम ने बताया कि किले के जीर्णोद्धार कार्य से पहले यूपी सहित कई जगहों पर किलों का भ्रमण किया गया। इसके बाद इसकी निर्माण सामग्री जुटाकर यह शुरू किया गया था। इसमें मुख्य द्वार के अलावा अंदर से भी साफ सफाई की गई है। अब यह भ्रमण की दृष्टि से शहर में उत्कृष्ट भवनों में से एक होगा। किले के निकट ही चिल्ड्रन पार्क तक एक दीवार भी मंजूर की गई है। वहीं इसके सामने ओपन एयर थियेटर भी विकसित किया जा रहा है।
नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता ठाकुर लाल शर्मा ने बताया कि यह पूरा इलाका एक भव्य पर्यटन स्थल के रूप में उभरकर सामने आएगा। जो लोकनिर्माण एवं उद्योगमंत्री रणदीप सुरजेवाला की दूरदर्शिता का परिणाम होगा। आगामी 12 जुलाई को मंत्री किले के जीर्णोद्धार कार्य का उदघाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि किले के उद्घाटन कार्यक्रम को यादगना बनाया जाएगा। इसके लिए विशेष लाइटों की व्यवस्था की जाएगी तथा बड़े नामी गायकों एवं कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा।