संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। नगर में इन दिनों मुख्य मार्ग से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों ने लोगों को परेशान कर दिया है। जब ऐसे वाहन सडक़ मार्ग से गुजरते है तो हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
समस्या के संबंध में नगर के लोगों ने कई बार पुलिस प्रशासन को भी अवगत करवाया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने भी इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे ओवर लोड वाहन चालकों के हौसले बुलंद हो गए। ओवरलोड वाहन चालक जब सड़क से गुजरते हैं तो अन्य राहगीरों की आफत आ जाती है। कई बार तो इन वाहनों की वजह से मार्ग पर जाम भी लग जाता है, लेकिन उसके बावजूद पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती।
इस बारे में किशन, रामकुमार, रामफल, अशोक भूषण, विशाल, श्याम ने बताया कि जो ट्रैक्टर चालक तूड़ी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर गुजरते हैं तो कई बार वाहनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं। ऐसे में वाहन चालकों के लिए वाहन रोकने के अलावा कोई विकल्प नही होता। जबकि ये ओवर लोड वाहन चालक प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए वाहन लेकर सड़क से सरेआम गुजरते हैं। कई पर हादसे का अंदेशा रहता है।