संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत के वार्ड 4 में वर्षों से सीवरेज प्रणाली के हालात पानी निकासी नालियों से कहीं ज्यादा बदतर हैं। सीवरेज प्रणाली का ठप होनेे सेे गंदे पानी के भराव की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। समस्या के कारण लोगों का जीना मुहाल बना है। राव पट्टी की मुख्य गली से जुड़ी इस समस्या को लेकर लोग बेहद परेशान हैं।
उनका कहना है कि बार-बार उनके सामने गंदे पानी के भराव की समस्या आ रही है। सीवरेज के गंदे पानी का भराव अकसर आवासीय क्षेत्र में कई-कई फीट हो जाता है। इन हालातों में घरों में रखा सामान न केवल खराब हो जाता है बल्कि जीना मुहाल बना है। उन्हेंं समझ नहीं आ रहा कि आखिरकार उनकी इस गंभीर समस्या का स्थायी हल क्यों नहीं किया जा रहा?
जबकि बार-बार से जन स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका प्रशासन को अवगत करवाते आ रहे हैं। हालांकि सरकार नेे सीवरेज प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण आदेश दे रखे हैं। इसके तहत सीवरेज लाइन व मैन हालों की समुचित सफाई-रिपेयर अनिवार्य है। बावजूद इसके सीवरेज का गंदा पानी ट्रीटमेंट प्लांट की बजाए घरों में घुस रहा है। इस प्रकार की बदहाल स्थिति का सामना करना कठिन है। दीगर है कि वर्ष 2011 मेंं कलायत को सीवरेज प्रणाली से जोड़ा गया। करीब 14 वर्ष के बावजूद भी शहर में ऐसे कई इलाके हैं जिनमें सीवरेज प्रणाली नहीं पहुंच पाई है। जबकि कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां सीवरेज को सुधार की कहीं ज्यादा जरूरत है।
इस संदर्भ में जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ इंद्राज पंवार ने बताया कि समस्या निवारण के लिए टीम को गतिशील किया गया। सीवरेज को पूर्णत बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि गोबर व अन्य अघुलनशील पदार्थों के डालने सेे सीवरेज ठप हो रहा है। जबकि जरूरत अनुसार विभाग द्वारा सीवरेज लाइन की रिपेयर का प्रारूप भी तैयार किया जा रहा है।