संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। स्थानीय बस अड्डे के पास राधा स्वामी कॉलोनी के मकानों के ऊपर से गुजर रहे 11 केवी की दो लाइनों से मकान मालिक में भय है। पोल गिरने से एक मकान को नुकसान भी पहुंच चुका है। मकान मालिक ने तो छत पर दीवार निकाल दी, ताकि दूसरी साइड से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में न आ जाए।
काॅलोनी निवासी यशपाल भारद्वाज, चांदराम, कश्मीर सिंह, नसीब, रमेश कुमार, राजविंद्र, रमेश, यशपाल भट्ट ने बताया कि वह इस लाइन को हटाने के लिए शासन व प्रशासन से कईबार गुहार लगा चुके है, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नही है। यशपाल ने बताया कि उसके मकान के कार्नर पर पोल गिरने से उसके लेंटर में भी दरारें आ गई है।लिखित में शिकायत देने के बावजूद भी उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नही दे रहा।
उन्होंने बताया कि जब बरसात होती है तो पूरे मकान में करंट आने का भय बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या की ओर ध्यान दिया जाए ताकि किसी अप्रिय या अनहोनी घटना से बचा जा सके। इस बारे में एसडीओ योगेश कुमार ने बताया कि यह लाइन खेतों को जाती है, इसके लिए प्रपोजल तैयार कर लिया गया है। लाइन को हटाने का कार्य आठ से 10 दिन तक शुरू कर दिया जाएगा।