कैथल। मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 14 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है जबकि इस दौरान तीन लोग घायल भी हुए हैं।
पहले मामले में माता गेट कैथल निवासी अतुल ने शहर थाना में शिकायत दी कि 25 जनवरी को रात करीब आठ बजे वह महर्षि वाल्मीकि चौक के पास से जा रहा था। वहां तीन अज्ञात आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घायल कर दिया। जांच अधिकारी बलजोर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में अग्रसेन पुरम कॉलोनी निवासी मुकुल सचदेवा ने शहर थाना में शिकायत दी कि 21 जनवरी को दोपहर के समय शहर के मुख्य बाजार में आरोपी सचिन, सुरेंद्र, अनिल, चिराग, सुमित चार-पांच अन्य आरोपियों ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर उसे घायल किया और जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी सनेष कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर तीसरे मामले में गांव किछाना निवासी सोनू ने राजौंद थाना में शिकायत दी कि 26 जनवरी को आरोपी प्रदीप ने उस पर गंडासी से हमला कर घायल किया और बाद में फोन करके जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।