संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर की जीटीबी कॉलोनी स्थित तिकोना पार्क बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पार्क में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे यहां आने वाले लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्क में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है और बच्चों के लिए लगाए गए कई झूले टूटे पड़े हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण पार्क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
जगह-जगह बड़ी घास उग आई है और समय पर सफाई व कटाई नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पार्क में लगी कई टाइलें भी टूट चुकी हैं, जिससे सुबह और शाम सैर करने आने वाले लोगों को ठोकर लगने का खतरा बना रहता है।
क्षेत्र निवासी संजय ने बताया कि वे रोज सुबह पार्क में सैर करने आते हैं, लेकिन यहां अव्यवस्थाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या आवारा कुत्तों की है। सुबह और शाम पार्क में कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहता है।
वहीं, सुमित ने बताया कि पार्क में स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण शाम के समय अंधेरा छा जाता है। इससे बच्चों और महिलाओं को पार्क में आने में डर लगता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द पार्क की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। लोगों का कहना है कि यह पार्क क्षेत्र के बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं के लिए एकमात्र सार्वजनिक स्थल है, लेकिन इसकी हालत लगातार खराब हो रही है। उन्होंने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि पार्क में स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए, टूटे झूलों और टाइलों की मरम्मत करवाई जाए तथा नियमित सफाई और घास कटाई सुनिश्चित की जाए।
पार्कों की साफ-सफाई करवाई जाएगी और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -सुरभि गर्ग, अध्यक्ष नगर परिषद