संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। करवा चौथ पर्व की रौनक बाजार में दिख रही है। सदर बाजार से तलाई बाजार, सर्राफा बाजार, मिष्ठान बाजार में खरीदारों की दिनभर भीड़ लगी रही। मंगलवार को बाजारों में मिष्ठान के बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ रही। मिठाई विक्रेताओं ने बताया कि अबकी लोगों को काजू से बनी मिठाई बहुत भा रही है।इनमें काजू बर्फी, काजू कतली आदि शामिल है। साथ ही बाकलूम, मैंगों बर्फी, देसी घी लड्डू, मेवे के रसगुल्ले, मेवे के पेड़े, मेवे की बर्फी को महिलाएं ज्यादा पसंद कर रही है।
करवा चौथ के त्योहार पर व्रत रखने के लिए पति की दीर्घायु की कामना से पहले महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। बाजार में महिलाओं की भीड़ बता रही है कि इस बार करवा चौथ पर व्यापार अच्छा रहेगा, जिससे व्यापारियों के भी चेहरे खिले हुए हैं। यही नहीं ब्यूटी पार्लर से लेकर सजने-संवरने को कॉस्मेटिक का सामान की खूब बिक्री हुई। दूसरी ओर मेहंदी की भी खूब बिक्री हुई। कई जगहों पर मेहंदी लगाने के लिए स्टॉल भी लगाए गए थे। महिलाओं को दोनों हाथों में मेहंदी लगवाने के लिए प्रतीक्षा तक करनी पड़ी। भीड़ से बचाने के लिए कई महिलाएं हाथ ऊपर कर गुजरती भी नजर आईं।
न्यौता मिष्ठान भंडार के संचालक नितिन दुआ ने कहा कि इस बार त्योहारों को लेकर कई प्रकार की मिठाइयां नई आई हैं। इसमें काजू से बनी मिठाई चन्ना लड्डू, ड्राई फुट बर्फी, चन्ना बर्फी, बाकलूम, मैंगो बर्फी, काजू बर्फी, स्ट्रॉबेरी बर्फी, चॉकलेट बर्फी, आम पापड़ की बर्फी सहित अन्य शामिल है। लोग इनको लेना बहुत पसंद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि काजू से बनी मिठाई 800 से लेकर 1200 रुपये प्रति किलो हैं। वहीं ड्राइ फ्रुट में 150 से लेकर 2500 तक की पैकिंग आती है।
मिठाई विक्रेता संजय कुमार ने बताया कि बाजार विभिन्न प्रकार की मिठाइयां उपलब्ध है। सभी अच्छी गुणवत्ता की मिठाई है। मिठाई में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। सभी लोग अपनी मनपसंद मिठाइयों की खरीदारी कर रहे हैं। जिला खाद्य निरीक्षक डॉ. गौरव शर्मा ने कहा कि पर्व के दिन मिठाइयों की दुकान पर छापेमारी करेंगे और मिठाइयों के सैंपल लेंगे। नकली या मिलावटी मिठाई पाए
जाने पर संबंधित विक्रेता पर कार्रवाई
की जाएगी।