कोरोना महामारी से बचाव के लिए लोग घरेलू नुस्खे भी अपना रहे हैं। घर पर काढ़ा बनाने के लिए लोग मसालों की अच्छी खासी खरीदारी कर रहे हैं। अचानक बढ़ी मसालों की मांग से दाम में चार गुण तेजी आई है। प्रशासन की ओर से लोगों को घर पर रहने की अपील की जा रही है। घर में सुरक्षित रहने के लिए साथ ही लोग गर्म पानी, काढ़ा, लेमन टी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग कर रहे हैं। इसके लिए लौंग, मुलेठी, गिलोय, काली मिर्च, दालचीनी, कपूर व अजवायन की मांग में काफी वृद्धि हुई है।
पंसारी इशांत बंसल ने बताया कि मुलेठी का गला या इससे जुड़े संक्रमण, कफ या सांस संबंधी समस्या में इसका सेवन फायदेमंद हैं। गिलोय में एंटी ऑक्सीडेंट काफी मात्रा में होता है। जिससे बुखार, पीलिया, गठिया व कब्ज जैसे रोगों में इसका सेवन राहत दिलाता है। काली मिर्च कफ को नष्ट करती है। दिन में एक बार काढ़ा जरूर पीना चाहिए। ठंडी व बाहरी चीजें से परहेज करना चाहिए। इसके साथ ही शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए प्राणायाम आवश्यक करना चाहिए। दालचीनी के सेवन से पाचन तंत्र संबंधी विकार में आराम मिलता है। अजवायन खाने से पाचन तंत्र संबंधी समस्याएं दूर होती हैं, वही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।