संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बीच पिछले नौ दिन से चीका से टटियाना बार्डर व पंजाब के साथ लगते अन्य रास्तों पर भी पुलिस व सेना किसान जत्थेबंदी को दिल्ली जाने से रोकने के लिए मुस्तैद है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को प्रशासकीय अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने का आदेश दिया था। इस बीच हर रोज की भांति आज भी बाॅर्डर से गुजरने वाले यात्रियों को आने व जाने के लिए अपने सामान व बच्चों के साथ भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
दूसरी तरफ गुहला-चीका में पंजाब की तरफ 13 नाके लगे हुए हैं और उन रास्तों पर भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है। हालांकि एक-दो नाकों पर पैदल व हलके वाहन निकलने के अस्थाई तौर पर रास्ते खोले गए हैं, लेकिन लोग लगातार बाड़बंदी से भारी गुस्से में हैं।
वरिष्ठ किसान नेता बलकार बल्लू ने कहा कि सरकार के मन में खोट है और वह किसानों की मांगों को पूरा करने के मूढ़ में नहीं है, जिसके चलते किसानों ने भी अंदर खाते दिल्ली कूच के लिए बड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं, नतीजतन किसान सरकार की ओर से लगाए गए बैरिकेट्स को उखाड़ फेंकेंगे और दिल्ली कूच करके ही दम लेंगे।
प्रशासन ने टटियाना बार्डर से मीडिया को किया दूर
इस बीच करनाल मंडल के पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर मीडिया के लोगों को टटियाना बार्डर से 500 मीटर दूर कर दिए। मौके पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने मीडिया के लिए हरियाणा साइड में एक जगह निर्धारित कर दी और कवरेज के लिए बार्डर पर गए पत्रकारों को बता दिया गया कि वे सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन की निर्धारित जगह पर रुके और वहीं से कवरेज करें।