फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: पार्थ छुड़ा रहे छक्के, हरियाणा क्रिकेट में बना रहे मजबूत पहचान

Tue, 17 Feb 2026 01:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
हार्दिक पांड्या के साथ पार्थ वत्स।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


कैथल। जिले के होनहार युवा क्रिकेटर पार्थ वत्स आज उभरते हुए खिलाड़ियों में प्रमुख नाम बन चुके हैं। 22 वर्षीय पार्थ ने कम उम्र में ही अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर हरियाणा की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों में स्थान बनाकर कैथल का नाम रोशन किया है।

पार्थ वत्स कैथल के निवासी हैं और वर्तमान में एसए जैन कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे क्रिकेट में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पिता शिव कुमार शिक्षा विभाग में सहायक क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। परिवार का उन्हें पूरा सहयोग मिलता है। उनका एक बड़ा भाई भी है, जो हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन करता है।
विज्ञापन


पार्थ ने मात्र 9 वर्ष की आयु में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। बचपन से ही उनका झुकाव इस खेल की ओर था। उन्होंने अपने सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास को अपना मूल मंत्र बनाया। वर्तमान में पार्थ गुरुग्राम के सुल्तानपुर स्थित श्री राम नारायण क्रिकेट क्लब में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां वे कोच अश्वनी और अनिरुद्ध के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक और खेल कौशल को निखार रहे हैं। महत्वपूर्ण मैचों से पहले इसी क्लब में विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें पार्थ सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।जब वे अपने गृह नगर कैथल में होते हैं, तब इंडस क्रिकेट अकादमी में कोच विकास और सुनील के निर्देशन में अभ्यास करते हैं।

उनकी दैनिक दिनचर्या बेहद संतुलित और अनुशासित है। वे प्रतिदिन 1 से 2 घंटे फिटनेस ट्रेनिंग पर ध्यान देते हैं, जिसमें रनिंग, जिम वर्कआउट और स्टैमिना बढ़ाने वाले अभ्यास शामिल होते हैं। इसके अतिरिक्त 2 से 3 घंटे वे नेट प्रैक्टिस और स्किल ट्रेनिंग में बिताते हैं। पार्थ का मानना है कि क्रिकेट में सफलता पाने के लिए फिटनेस और तकनीक दोनों का मजबूत होना आवश्यक है। उनकी उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि कैथल जैसे शहरों से भी प्रतिभाएं निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।पार्थ वत्स आने वाले समय में भारतीय टीम में जगह बनाने का सपना संजोए हुए हैं। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विज्ञापन

पार्थ की उपलब्धियां
पार्थ हरियाणा की अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सीनियर स्तर पर वे रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हरियाणा की ओर से खेल चुके हैं। यह उपलब्धि किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है।

हार्दिक पांड्या के साथ पार्थ वत्स।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें