राजौंद। महिला एवं बाल विकास विभाग और संस्था रॉकेट लर्निंग के संयुक्त तत्वावधान में गांव सोंगरी स्थित सरोज के आंगनबाड़ी केंद्र पर शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक संस्था रॉकेट लर्निंग के जिला समन्वयक प्रतीक के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्कूल रेडीनेस अभियान को मजबूत करना और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना रहा। बैठक में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज ने बच्चों के समग्र विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक उम्र में बच्चों को सही दिशा और माहौल देना उनके भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। बैठक के दौरान 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को छोटे बच्चों के मस्तिष्क विकास में प्रारंभिक उत्तेजना (स्टिमुलेशन) के महत्व के बारे में समझाया गया। वहीं कसान सर्कल की सुपरवाइजर सावित्री देवी ने 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए स्कूल रेडीनेस पर चर्चा करते हुए बताया कि बच्चों को खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया, रंग, आकृति, भाषा एवं संख्याओं की पहचान कैसे कराई जाए।
इसके साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए संतुलित आहार, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण के महत्व को भी समझाया गया।