संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लंबे समय से अधर में लटके सिटी स्क्वायर प्रोजेक्ट के निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पानीपत नगर निगम के अधीक्षण अभियंता (एसई) फाइनल करेंगे। नगर परिषद की ओर से डीपीआर को एसई के पास भेज दिया गया है। डीपीआर फाइनल होने के बाद मुख्यालय से स्वीकृति ली जाएगी।
इसके बाद करीब 19 करोड़ रुपये की रि-टेंडरिंग करवाई जाएगी और चयनित एजेंसी के माध्यम से अधूरे पड़े सिटी स्क्वायर के निर्माण कार्य को दोबारा शुरू किया जाएगा।
वर्ष 2018 में घोषित की गई थी परियोजना ः सिटी स्क्वायर परियोजना की घोषणा वर्ष 2018 में की गई थी। यह करीब 54 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है, जिसका निर्माण कार्य वर्ष 2021 में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते रुक गया था। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज हुई थी। वर्ष 2023 में भी अधिकांश समय काम बंद ही रहा, हालांकि बाद में कुछ समय के लिए निर्माण कार्य शुरू हुआ।
वर्तमान में करीब आठ माह से अधिक समय से यह प्रोजेक्ट फिर से ठप पड़ा हुआ है। अब नगर परिषद ने नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया अपनाकर कार्य पूरा कराने की तैयारी की है। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य शहर के बैंकों को एक ही छत के नीचे लाना और पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करना है।
बनेगी सात मंजिला इमारत ः सिटी स्क्वायर का निर्माण पुराने बस स्टैंड की जगह करीब 43 कनाल 10 मरले भूमि पर किया जाना है। इसका निर्माण कार्य अक्टूबर 2018 में शुरू हुआ था और एजेंसी को अक्तूबर 2020 तक काम पूरा करना था, लेकिन विवादों के कारण कुछ समय तक कार्य पूरी तरह बंद रहा। इसके बाद जब काम दोबारा शुरू हुआ तो उसकी गति काफी धीमी रही।
इस प्रोजेक्ट के तहत सिटी स्क्वायर में सात मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। इसमें दो मंजिला डबल पार्किंग बेसमेंट बनाया जाएगा, जबकि ऊपर की पांच मंजिलें बैंकों के लिए निर्धारित होंगी। सभी बैंक एक ही स्थान पर स्थापित होंगे और उनके एटीएम भी यहीं बनाए जाएंगे। परिसर में एक बड़ा अशोक चक्र का प्रतीक चिह्न भी बनाया जाएगा।
सिटी स्क्वायर के बन जाने से शहरवासियों को एक ही स्थान पर सभी बैंकों की सुविधा मिलेगी और पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी। वर्तमान में बैंकों के अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण खासकर अंबाला रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। रि-टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य पुनः शुरू किए जाने की उम्मीद बढ़ गई है।
सिटी स्क्वायर की डीपीआर को फाइनल कराने के लिए पानीपत नगर निगम के एसई के पास भेजा गया है। डीपीआर फाइनल होने के बाद मुख्यालय से स्वीकृति लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। -कपिल शर्मा, जिला नगर आयुक्त