कलायत। कलायत क्षेत्र के गांव बालू में पशु चिकित्सा अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पशुपालकों को संतुलित पोषण और उन्नत पालन-पोषण तकनीक और समय पर टीकाकरण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अगुवाई पशु चिकित्सक डॉ. पवन बूरा ने की। उन्होंने बताया कि पशुओं में बढ़ती बांझपन की समस्या मुख्य रूप से खनिज लवणों की कमी, एक ही प्रकार के चारे पर निर्भरता, हरे चारे की कमी और चारागाहों की उचित व्यवस्था न होने के कारण उत्पन्न हो रही है। आयोजन के संयोजक के तौर पर इफको कंपनी की तरफ से मिथुल सहारण मौजूद रहे। पशुपालन विभाग का मानना है कि ऐसे अभियान पशुधन स्वास्थ्य में सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करेंगे। साथ ही रसायनों के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर भी जागरूकता बढ़ाई गई। संवाद