संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। बाबू अनंत राम जनता महाविद्यालय कौल में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न हुई। फाइनल मुकाबला आर्य पीजी काॅलेज पानीपत व गुरु नानक खालसा काॅलेज करनाल के बीच हुआ। कड़े संघर्ष के बीच आर्य पीजी काॅलेज पानीपत ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्यातिथि पंजाब नेशनल बैक शाखा कौल के मैनेजर पंकज जागलान ने खिलाड़ियों से परिचय कर उन्हें आशीर्वाद दिया और प्रतियोगिता शुरू करवाई। जागलान ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल में हार और जीत एक सिक्के के दो पहलू होते है। हमें कभी भी हार से घबराना नही चाहिए,बल्कि भविष्य में और बेहतर ढंग से कैसे खेला जाएगा उस पर विचार करना चाहिए।
प्रिंसिपल डा. ऋषिपाल ने बताया कि प्रतियोगिता में दूसरे दिन पहले मैच में एमएलएन काॅलेज यमुनानगर ने राजकीय काॅलेज कालका को पराजित किया। दूसरे मैच में आर्य कालेज पानीपत ने यूनिवर्सिटी काॅलेज कुरुक्षेत्र को पराजित किया। तीसरे मैच में यूटीडी कुरुक्षेत्र ने राजकीय महाविद्यालय कालका को पराजित किया। चौथा मैच आर्य पीजी काॅलेज पानीपत एवं गुरु नानक खालसा काॅलेज यमुनानगर के बीच खेला। प्राचार्य ने विजेता व उप विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।