संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाई गांव की बहू पूजा नरवाल ढुल का चयन छठी एशियाई कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह भारतीय टीम के साथ ईरान के तेहरान में होने वाली इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रविवार को रवाना हो गईं।
कबड्डी कोच शमशेर सिंह (शेरी) ने बताया कि यह पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि पूजा नरवाल ढुल एक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी हैं। वह प्रो स्टार, पटना पायलट और जयपुर की टीमों से खेल चुके अनुभवी कबड्डी खिलाड़ी संदीप ढुल की पत्नी हैं। संदीप ढुल पिछले पांच वर्षों से सेंट्रल रेलवे, मुंबई में सीनियर टीटी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पूजा नरवाल ढुल भी लगभग पांच वर्षों से साउथर्न रेलवे, सिकंदराबाद में सीनियर टीटी के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि इस कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 9 मार्च तक तेहरान, ईरान में होगा। भारतीय महिला कबड्डी टीम में हरियाणा की तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें पाई गांव की पूजा नरवाल ढुल, रितू (दादरी) और पूजा हथवाल (जींद) शामिल हैं। इसके अलावा, अन्य राज्यों की खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं।
कोच शमशेर सिंह ने बताया कि पूजा नरवाल ढुल शुरू से ही एक मेहनती और समर्पित खिलाड़ी रही हैं। अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह बनाई है। इससे पहले भी उन्होंने एशियाई कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। पूजा ने हरियाणा और रेलवे की ओर से कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक पदक और ट्रॉफियां जीती हैं।
वह बचपन से ही कोच रामभज से कबड्डी की प्रेरणा लेकर खेल रही हैं। जबकि उनके पति संदीप ढुल ने कोच राजबीर और कोच शमशेर सिंह से प्रशिक्षण लिया है। पूजा नरवाल ढुल के चयन से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। गांववासियों, परिवार और कोच ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए गर्व और उत्साह के साथ विदा किया। संवाद