सुरक्षा उपायों का हो रहा उल्लंघन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डीसी संजय जून ने मंगलवार शाम तुरंत प्रभाव से पदमा सिटी कॉम्पलेक्स में चल रहे सिनेमा हाल को बंद करने के आदेश जारी किए हैं। आदेशों के बाद शो बंद कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के निरीक्षण केे बाद मिली सुरक्षा संबंधी खामियों पर प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
दरअसल एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, डीएसपी सतीश गौतम एवं दमकल ऑफिसर सुरेंद्र कुमार की टीम ने सुरक्षा संबंधी उपायों को देखते हुए सोमवार शाम काम्पलेक्स में चल रहे सिनेमा हाल का निरीक्षण किया था। जहां काफी खामियां पाई गईं। यहां आगजनी की सूरत में किसी भी तरह का बचाव कार्य नहीं मिला। फायर हाईड्रैंट काम करता हुआ नहीं पाया गया। कई अन्य उपकरणों में भी खामी पाई गई। जब इमरजेंसी का दरवाजा देखा गया तो वहां सोफा लगा हुआ मिला। इसी तरह से आग बुझाने वाला अग्रिशमन यंत्र आउटडेटेड पाया गया। इस तरह की कई खामियों के बाद तीनों अधिकारियों की टीम ने अपनी रिपोर्ट डीसी को सौंप दी।
मंगलवार दोपहर डीसी ने रिपोर्ट का अध्ययन कर तुरंत प्रभाव से सिनेमा कॉम्पलेक्स में शो बंद करने के आदेश जारी कर दिए। उन्होंने सिनेमा मालिक को सभी आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए और कहा कि जब तक कमेटी दोबारा निरीक्षण करके रिपोर्ट ना दे, तब तक कोई भी शो यहां ना चलाया जाए। डीसी के आदेशों के तुरंत बाद शो बंद कर दिया गया। रात्रि साढ़े आठ बजे का शो नहीं हो पाया।
डीसी संजय जून ने कहा कि सुरक्षा संबंधी खामियों के चलते सिनेमा बंद करने के आदेश दिए गए हैं। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मैनेजर रवि अग्रवाल ने कहा कि दो दिन पहले पानी की लीकेज के कारण आग बुझाने के यंत्र खराब हो गए। जिन्हें ठीक करवा लिया गया है। डीसी के आदेश पर दो दिन के लिए शो बंद कर दिए गए हैं।