कैथल। गांव टीक के पास कुरुक्षेत्र ढांड रोड पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज अब जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। इससे करीब सात किलोमीटर का सफर बचेगा। दो महीने से इसका काम रुका हुआ था। सरकार की तरफ से इसके निर्माण कार्य को पूरा करवाने के लिए रेलवे विभाग को पांच करोड़ 85 लाख रुपये दे दिए हैं। बजट मिलने के बाद विभाग ने इसमें निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
करीब तीन साल पहले रेलवे और पीडब्ल्यूडी विभाग ने मिलकर इस काम को शुरू किया था। दो महीने पहले रेलवे के पास बजट का अभाव होने के कारण इसका काम रुक गया था। ओवरब्रिज शुरू न होने के कारण वाहन चालक व ग्रामीणों को परेशानी हो रही थी। अब काम शुरू होने के बाद लोगों की परेशानी दूर होगी। लोनिवि की तरफ से आरओबी के दोनों ओर से सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया है।
आगामी दो महीनों में पुल का काम पूरा होने के बाद कुरुक्षेत्र और कैथल मार्ग पर चलने वाले वाहनों को सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। यात्रियों को पांच रुपये अतिरिक्त नहीं देने पड़ेंगे। कैथल- कुरुक्षेत्र मार्ग पर लोगों को फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सरकार ने 2019 में रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की थी। इस पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। 2019 में नवंबर के महीने से काम शुरू हुआ था।
इन गांवों के लोगों को तय नहीं करना पड़ेगा अतिरिक्त सफर
आरओबी का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जडौला, बंदराना, पाबला, साकरा, कौल, चंदाना, पबनावा, सेलमपुर मदूद, डडवाना, ढांड, जाजनपुर, सोलु माजरा, ग्योंग, खनौदा सहित कई गांवों के लोगों को अतिरिक्त सफर नहीं करना पड़ेगा। कैथल से कुरुक्षेत्र आसानी से आ जा सकेंगे।
रेलवे विभाग को सरकार की तरफ से पांच करोड़ 85 लाख रुपये पुल निर्माण के दे दिए हैं। धन आने के बाद काम शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी विभाग ने आरओबी के दोनों ओर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया है। दो महीने में लगभग काम पूरा हो जाएगा। - केसी पठानिया, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग