संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को करनाल में सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी परीक्षा 2025–26 का मंडल स्तरीय आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिला कैथल, करनाल और पानीपत के जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त 36 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता चार लेवल में आयोजित की गई। लेवल 1 में कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थी, लेवल 2 में कक्षा 6 से 8, लेवल 3 में कक्षा 9 व 12 वीं और लेवल 4 में कॉलेज व आईटीआई के विद्यार्थी शामिल हुए। बाल निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-6, करनाल में हुई परीक्षा में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों और सुरक्षित आवागमन से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, करनाल कांची सिंघल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और सड़क सुरक्षा प्रतिबद्धता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में कैथल से पुलिस विभाग की ओर हेड कांस्टेबल अनोज कुमार, रोड सेफ्टी सेल, कैथल और शिक्षा विभाग से परवीन धीमान, पानीपत से उप निरीक्षक कर्मबीर और करनाल से सहायक उप निरीक्षक अजय उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम : लेवल-1: द इंडियन हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, चीका (कैथल) – अक्षत गोयल, निविध गोयल, एकनूर निर्मान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लेवल-2: जिला करनाल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
लेवल-3: आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामगढ़ पांडवा (कैथल) ः आभा रानी, महक नरवाल और निहाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लेवल-4: जिला करनाल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त टीमें अब राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के अगले चरण में हिस्सा लेंगी।