संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पूंडरी के खेल स्टेडियम में ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटी बच्चियों के डांस, गीत और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस मौके पर हुई दौड़ प्रतियोगिताओं में कविता, मीनाक्षी और मंजू को पहला स्थान मिला।
प्रतियोगिता में 5 किलोमीटर साइकिल रेस में मुस्कान ने प्रथम स्थान, नीलम ने द्वितीय और गुरमीत ने तृतीय स्थान हासिल किया। 400 मीटर रेस में मंजू ने प्रथम स्थान, प्रीति ने द्वितीय और ममतेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 300 मीटर रेस में मीनाक्षी, शिवानी और वाणी क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार 100 मीटर रेस में कविता ने पहला, सोनिया ने दूसरा और सीमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। डिस्कस थ्रो में बीरो देवी प्रथम, मेनका द्वितीय और प्रीति तृतीय स्थान पर रही। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में सरोजनी ने प्रथम, कमलेश ने द्वितीय और चंद्रपति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को 2100 रुपये द्वितीय स्थान पर 1100 रुपये और तृतीय स्थान पर 750 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पूंडरी नगर पालिका की चेयरपर्सन बबली गोस्वामी और महिला मोर्चा जिला सचिव एवं समाजसेवी निधि मोहन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूंडरी ब्लॉक की महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कंचन बाला ने की।
निधि मोहन ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्रामीण महिलाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना और खेलों के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।