गांव शेरगढ़ में बना राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान। विज्ञप्ति
- फोटो : शिवगढ़ सीएचसी में घायल को इलाज करते चिकित्सक।
कैथल। बदलती तकनीक और आधुनिक उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, शेरगढ़ में आगामी शैक्षणिक सत्र से दो नए रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा कोर्स शुरू किए जाएंगे। हरियाणा तकनीकी शिक्षा बोर्ड की ओर से स्वीकृत इन पाठ्यक्रमों में पत्रकारिता व जनसंचार और साइबर फॉरेंसिक्स और सूचना सुरक्षा शामिल हैं।
इन कोर्सों के शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। संस्थान के प्रधानाचार्य कुलवीर सिंह अहलावत ने बताया कि तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में 11 नए आधुनिक कोर्स शुरू करने की योजना बनाई गई है। शेरगढ़ संस्थान को भी ये दो महत्वपूर्ण और मांग वाले कोर्स आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। दाखिला प्रभारी व वरिष्ठ प्राध्यापक कंप्यूटर इंजीनियरिंग आशीष मेहता ने बताया कि इन दोनों पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक और प्रायोगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक कोर्स में 60-60 सीटें निर्धारित की गई हैं जिन पर नए सत्र से प्रवेश शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया, डिजिटल सुरक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यावहारिक और कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना है, ताकि पढ़ाई पूरी करते ही वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि संस्थान प्रबंधन का मानना है कि इन कोर्सों के शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों के कॅरिअर को नई दिशा मिलेगी बल्कि क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के स्तर को भी मजबूती मिलेगी।