संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मंगलवार सुबह अचानक मौसम बदलने के बाद दोपहर के समय बारिश हो गई। कहीं पर तेज तो कहीं पर बूंदाबांदी हुई। इससे शहर की तीनों अनाज मंडियों में खुले में पड़े गेहूं के कई कट्टे भीग गए। बारिश ने आढ़तियों व किसानों की चिंता बढ़ा दी। अनाज मंडियों में न तिरपाल का इंतजाम है और न उठान का। इससे आढ़तियों व किसानों में काफी रोष दिखा।
मंगलवार सुबह के समय ही मौसम में बदलाव हो गया और आसमान में घने बादल छा गए थे इसके कुछ देर बाद बारिश भी हुई। इस दौरान जिले में औसतन दो एमएम बारिश हुई। कैथल में दो एमएम, गुहला में दो एमएम, पूंडरी में दो एमएम, ढांड में चार एमएम, कलायत, सीवन व राजौंद में बूंदाबांदी दर्ज की गई है। बारिश से अनाज मंडी में किसानों का खुले आसमान के तले रखा हजारों क्विंटल गेहूं में बारिश का पानी समा गया।
गौरतलब है कि इस समय शहर की तीनों मंडियों में करीब 16 लाख कट्टे पड़े हैं। इनका उठान होना बाकी है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद भी गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए कोई व्यवस्था नहीं हो गई। वहीं, बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद गर्मी से भी राहत मिली। वहीं, पहले से मंडियों में गाड़ियां न मिलने से उठान का कार्य काफी धीमा चल रहा है। इससे भी आढ़ती काफी खफा हैं।
करीब 25 मिनट तक हुई तेज बारिश
सुबह से ही मौसम में बदलाव हुआ है। सुबह 11 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई। करीब 25 मिनट तक हुई तेज बारिश से अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे पड़ा गेहूं पूरी तरह से भीग गया। इसके दोपहर के समय में तेज धूप खिल गई और उमस भरी गर्मी ने लोगों को सताया।
शाम साढ़े तीन बजे एक बार फिर से मौसम में बदलाव हुआ और आसमान में एक बार फिर से बादल छा गए। किसान महेंद्र, पाला, नरेश, बीरा राम, राजेश कुमार, महाबीर ने कहा कि बारिश होने से गेहूं की कटाई और तूड़ी बनाने का कार्य प्रभावित हो गया है। बारिश होने के बाद जमीन गीली हो गई है। जिस कारण से जमीन में मशीन नहीं चल रही हैै। आगामी दो दिनों बाद दोबारा से कार्य शुरू होगा।
मंगलवार को हुई बारिश से अधिक नुकसान नहीं है। मंडी में खुले में पड़े कट्टों को तुरंत ही तिरपाल से कवर कर लिया गया है। इसके साथ ही शहर की सभी मंडियों में उठान के कार्य में तेजी लाई गई है। इसमें संबंधित एजेंसियों को जल्द ही उठान कर गोदामों में गेहूं डालने के लिए हिदायतें जारी की गई हैं। जल्द ही मंडियों से उठान करवा दिया जाएगा। - बसाऊ राम, सचिव, मार्केट कमेटी, कैथल।