राजौंद। वार्ड नंबर-11 में पार्षद पद के उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अंतिम दिन अपराह्न तीन बजे तक केवल एक ही उम्मीदवार शालिनी ने नामांकन पत्र दाखिल किया जिससे वार्ड में निर्विरोध चुनाव की स्थिति बन गई है।
रिटर्निंग अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि निर्धारित समय सीमा तक सिर्फ एक नामांकन प्राप्त हुआ है। अब नियमानुसार नामांकन पत्रों की जांच सहित औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
गौरतलब है कि वार्ड नंबर-11 अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित है। वर्ष 2022 के नगर निकाय चुनाव में यहां से राजवीर वाल्मीकि पार्षद चुने गए थे, लेकिन बीमारी के चलते उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी, जिसके चलते उपचुनाव घोषित किया गया। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तय थी और 10 मई को मतदान प्रस्तावित था, लेकिन एक ही नामांकन मिलने से अब मतदान की आवश्यकता नहीं रह गई है। स्वर्गीय पार्षद राजवीर वाल्मीकि की पुत्री शालिनी ने ही नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में उनके निर्विरोध पार्षद चुने जाने की संभावना तय है।