कलायत में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन को ज्ञापन सौंपते समाज सेवी। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
कलायत। कलायत के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 450 छात्राओं के लिए बैठने को केवल 25 डेस्कों की समस्या के लिए जारी हस्ताक्षर अभियान पूर्ण हो गया है। इसके बाद सोमवार को स्कूल बचाओ अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में छात्राओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त डेस्क उपलब्ध करवाने की मांग की।
बीईओ ने प्रतिनिधिमंडल को मामले पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसडीएम के माध्यम से डीसी को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। शीर्ष स्तर पर अब परचेज कमेटी की ओर से डेस्कोंं की खरीद का कार्य पूरा किया जाना है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्यालय में 450 से अधिक छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। जबकि उनके बैठने के लिए केवल 25 डेस्क उपलब्ध हैं। डेस्कों की कमी के कारण बड़ी संख्या में छात्राओं को फर्श पर या असुविधाजनक परिस्थितियों में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
उनका कहना है कि इससे न केवल छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि इस प्रकार के शैक्षणिक वातावरण पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मांग के लिए स्कूल बचाओ अभियान के तहत तीन दिवसीय हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से समर्थन मांगा गया। इसमेें सैकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर कर विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन किया।
कलायत में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश नैन को ज्ञापन सौंपते समाज सेवी। संवाद- फोटो : सांकेतिक