संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सरकारी निर्देश पर समाधान शिविर जारी हैं। लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार में बुधवार को लगे शिविर में 107 शिकायतें दर्ज हुई। इसमें से महज 15 का मौके पर ही निवारण किया और अन्य के लिए शिविर में मौजूद अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का समाधान त्वरित आधार पर करने के लिए तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार, एडीसी सी जया श्रद्घा, एसपी उपासना, एसडीएम ब्रह्म प्रकाश व डीएमसी सुशील कुमार ने नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई की। शिविर में डीसी ने बताया कि इन समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक की सरकारी सेवाओं और योजनाओं तक आसान पहुंच हो और सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ लेने में उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो।
अमरगढ़ गामड़ी निवासी जोगिंद्र विकलांग पेंशन की समस्या लेकर समाधान शिविर में पहुंचे, जहां अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को जल्द पेंशन बनाने के निर्देश दिए। वहीं कसान गांव के संदीप अपने परिवार पहचान पत्र में बच्चे का नाम जुड़वाने के लिए आया, जहां मौके पर ही उसकी समस्या का समाधान किया।
समाधान शिविर में आई 25 शिकायतें
गुहला-चीका। एसडीएम कृष्ण कुमार ने बुधवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय गुहला-चीका में आयोजित समाधान शिविर में जनसमस्याएं सुनी। शिविर में 25 शिकायतें आईं, जिनमें से 20 का मौके पर समाधान किया।
एसडीएम ने बताया कि कार्यालय खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गुहला-चीका में उपमंडल स्तर पर प्रतिदिन सुबह नौ से 11 बजे तक लोगों की शिकायतों के लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। समाधान शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही मौजूद रहते हैं। नागरिक इन समाधान शिविरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। बताया कि इन शिविरों में शिकायत आते ही तुरंत प्रभाव से समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए जाते हैं तथा उन पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
इस शिविर में सिचाईं विभाग के एसडीओ अजमेर सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ इंद्रराज पंवार, बिजली विभाग के एसडीओ राहुल यादव, जोनल मैनेजर भूपेंद्र सिंह, डाॅ. ओमताराम सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद