कैथल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। 2 जून से शुरू हुई यह प्रक्रिया 15 जुलाई तक चली। इस दौरान राजकीय आईटीआई कैथल को कुल 8596 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। आवेदन संख्या के आधार पर कैथल आईटीआई ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि हिसार की राजकीय आईटीआई पहले स्थान पर रही।
बड़ी संख्या में आवेदन मिलने से संस्थान की लोकप्रियता तो बढ़ी है लेकिन अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी पहले की तुलना में अधिक हो गई है। अब 17 जुलाई को पहली मेधा सूची जारी होगी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से उसी दिन पहली मेधा सूची जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 17 से 21 जुलाई तक संबंधित आईटीआई में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कुछ कोर्स में इस बार कई गुना आवेदन
सीमित सीटों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन आने से अधिकांश ट्रेडों में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। विशेष रूप से इलेक्ट्रीशियन, फीटर, डीजल मेकैनिक, कोपा, स्टेनोग्राफी सहित अन्य लोकप्रिय ट्रेडों में दाखिला पाने के लिए अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। ऐसे में मेधा सूची में बेहतर स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को ही मनचाहा ट्रेड मिलने की संभावना है।
निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी करना जरूरी
संस्थान प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विभागीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपनी लॉगिन आईडी जांचते रहें। मेधा सूची जारी होने के बाद निर्धारित समय के भीतर दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होगा। तय समय सीमा तक औपचारिकताएं पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की सीट अगले चरण की काउंसलिंग में अन्य पात्र अभ्यर्थियों को आवंटित कर दी जाएगी।
संस्थान को इस वर्ष 8596 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं जिससे प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 17 जुलाई को पहली मेधा सूची और सीट आवंटन जारी होगा और उसी दिन से काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करें।
- सतीश मच्छला, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, कैथल।
राजकीय आईटीआई, कैथल।