जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं 9 नए मामले सामने आए हैं। मृतक व्यक्ति कैथल की नानकपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। वह कोरोना संक्रमित होने के साथ-साथ शुगर व हृदय रोग से भी पीड़ित बताया गया है। कैथल में अब तक 75 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
जिले में अब तक 4900 कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। उनमें से 4534 ठीक हो चुके हैं। बुधवार को फिर नौ संक्रमित व्यक्ति पाए गए, जबकि ठीक केवल दो ही हुए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीनेशन का कार्य भी लगातार जारी है। बुधवार को 20 स्थानों पर विभाग की टीमों द्वारा वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। कोरोना से बचाव के लिए 1085 व्यक्तियों को वैक्सीन के टीके लगाए गए। इनमें से 1066 को पहला टीका तो 19 व्यक्तियों को दूसरा टीका लगाया गया। सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने जिलावासियों से अपील की कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें। जिलावासी अपनी बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।
घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें- सुजान
डीसी सुजान सिंह यादव ने आम जन से अपील की है कि वे कोरोना को लेकर सावधानी बरतें। सावधानी ही बचाव है। पात्र व्यक्ति टीकाकरण करवाएं। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करें। घर लौटने पर हाथों को साबुन से अच्छे से धोएं। सैनिटाइजर का प्रयोग करें। दो गज की दूरी बनाकर रखें। तभी इस बीमारी से बचाव हो सकेगा।