कैथल। चार अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने चारों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में गांव गगड़पुर निवासी लछमन राम ने चीका थाना में शिकायत दी कि एक सितंबर को उसका भतीजा विक्रांत उर्फ बिट्टू शाम के समय चीका से साइकिल से गगड़पुर घर जा रहा था। विक्रांत जब बदसुई से डंडोता के बीच पहुंचा तो सामने से एक कार चालक ने गाड़ी को तेजगति व लापरवाही से चलाते हुए भतीजे विक्रांत को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में विक्रांत की दोनों टांगें टूट गई और बाजू भी टूट गई। उसे सिर में भी काफी चोटें लगी। वे उसे चीका के एक अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे पटियाला रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में गांव शिमला निवासी सुनील ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि 29 अगस्त को वह प्योदा रोड पर अपनी बाइक से जा रहा था। जब वह एफसीआई के गोदाम के पास पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गया। जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में गांव कौल निवासी अमित ने ढांड थाना में शिकायत दी कि 30 अगस्त को शाम के समय उसका 21 वर्षीय भाई साहिल बाइक पर गांव से बाहर गया था। जब वह गांव में बने पैलेस के पास पहुंचा तो अज्ञात कार चालक ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। जांच अधिकारी प्रवेश ने बताया कि पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौथे मामले में गुरु नानक कॉलोनी पिहोवा निवासी रिकन ने सदर थाना में शिकायत दी कि 29 अगस्त को शाम के समय वह अपने दोस्त ओजस्वी के साथ गांव क्योड़क से बाइक पर जा रहा था। वहां अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और घायल कर दिया। जांच अधिकारी जयपाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।