संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कुतुबपुर गांव में कनाडा का टूरिस्ट वीजा लगवाने के नाम पर एक महिला से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर कैथल सदर थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस मामले में आरोपियों ने न तो महिला का वीजा लगवाया और न ही मांगने पर रुपये वापस किए।
कैथल सदर थाने के अधीन आने वाले कुतुबपुर गांव निवासी सोनू ने बताया कि उसने कुछ समय पहले अपनी मां रेखा देवी के लिए कनाडा के टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदन किया था। इस सेंटर का नाम किंग इमिग्रेशन है, जो चंडीगढ़ में है। सेंटर के मालिक विराट, मीना और राहुल ने उससे डेढ़ लाख रुपये अपने सेंटर के खाते में जमा करवा लिए। उस दौरान आरोपियों ने लिखकर दे दिया कि अगर किसी कारणवश वीजा नहीं आता तो 10 हजार रुपये चार्ज करके बाकी सारे रुपये वापस दिए जाएंगे।
सोनू ने बताया कि निर्धारित समय पर वीजा नहीं आया। इस पर उसने आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने रुपये वापस करने से भी साफ मना कर दिया। अब सेंटर में जाने पर आरोपी उनको धमकी देते हैं। ऐसा करके आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। कैथल सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।