संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम संजय कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजौंद के गांव नीमवाला निवासी रामकला ने शिकायत दी कि अंगूठे का मिलान (बायोमेट्रिक सत्यापन) न होने के कारण उनकी बुढ़ापा पेंशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ रुका हुआ है।
उनकी शिकायत पर एसडीएम संजय कुमार ने समाज कल्याण विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में इसके अलावा भूमि विवाद, पेंशन, राशन वितरण, बिजली बिल तथा भूमि अधिग्रहण मुआवजे से जुड़े कई मामलों की सुनवाई की गई। इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य मामलों की भी हुई सुनवाई
गांव किठाना निवासी रघबीर सिंह ने शिकायत दी कि दिल्ली–कटरा हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद सांझी खेवट की तकसीम एवं निशानदेही का मामला लंबे समय से लंबित है। इस पर एसडीएम ने जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि मामले का नियमानुसार शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए।
गांव भुना निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश उनके पक्ष में होने के बावजूद उन्हें खेती करने से रोका जा रहा है और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इस पर एसडीएम ने डीडीपीओ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार खेड़ी राव आली निवासी राजेंद्र पाल सिंह ने बिजली बिल में अत्यधिक राशि आने की शिकायत रखी। इस पर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मीटर की जांच कर बिल में आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए गए।
वर्जन
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निपटान किया जाए। -संजय कुमार, एसडीएम