संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला के तत्वावधान में बुधवार को छह दिवसीय साहसिक कैंप के लिए जिले के सरकारी विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को लेकर बस मनाली के लिए रवाना हुई। जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। कैंप में जिले के 18 छात्र और 22 छात्राएं भाग लेंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, इसलिए प्रत्येक साहसिक गतिविधि में पूरे उत्साह से भाग लें।
उन्होंने कहा कि भ्रमण से लौटने के बाद ‘मेरी मनाली यात्रा’ शीर्षक से एक लेख तैयार कर विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रस्तुत करें, ताकि अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित हो सकें। उन्होंने साथ जा रहे शिक्षकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। मनाली में आयोजित इस कैंप के दौरान विद्यार्थियों को रॉक क्लाइंबिंग, ट्रैकिंग, रैपलिंग, ज़िपलाइन जैसी साहसिक गतिविधियों का अनुभव कराया जाएगा।
इस मौके पर जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ छत्रपाल सिंह, कोऑर्डिनेटर अंजू शर्मा, अरुण कुमार, संजय कुमार, विजेंद्र सिंह, अध्यापिका सुधारानी, सचिन कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।