संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। रोडेवज के कैथल डिपो के बेड़े में जल्द ही बसों की संख्या 200 पार होंगी। सोमवार को रोडवेज बेड़े में तीन नई बसें आई हैं। इन बसों के आने के बाद बेड़े में बसों की संख्या बढ़कर 195 हो चुकी है। अब अगले 10 से 15 दिनों के अंदर पांच नई बसें ओर आएंगी। इसके बाद रोडवेज के बेड़े में संख्या 200 हो जाएगी। रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या बढ़ने के बाद यात्रियों को सहूलियत होगी।
नई तकनीक से लैस हैं बसें ः टाटा की बीएस छह तकनीक की बसें एकदम नई तकनीक से लैस हैं। इसमें दोनों ही दरवाजे ऑटोमेटिक हैं। जिसकी कमांड चालक के हाथ में हैं। इस बस में लगी सभी एलईडी लाइटें भी नई तकनीक की हैं। इसके साथ ही यात्रियों को सूचना देने के लिए चालक की सीट पर एक माइक सिस्टम भी लगा है। यात्रियों की सीट पर एक लाल बटन है, जिसे दबाने पर ब्रेक लगाने की सूचना चालक को मिलती हैं।
गौरतलब है कि लगातार बसों की संख्या बढ़ने के बाद अब जिले के यात्रियों की परेशानी भी अब कम हो रही है। लंबे रूटों के साथ ग्रामीणों रूटों पर भी विभाग ने बसों की संख्या को बढ़ा दिया है। कैथल जिले में जनसंख्या के मुताबिक कुल 240 बसों की जरूरत है।
जींद व करनाल डिपो की पुरानी बसें भी पहुंचेंगी ः सरकार की ओर से जींद और करनाल जिले में एनसीआर के शामिल करेन के बाद यहां के डिपो में पहले से दौड़ रही बीए चार तकनीक की बसों को भी कैथल डिपो में भेजा जाएगा। इन बसों को रोडवेज की ओर से ग्रामीण रूटों पर दौड़ाए जाने की योजना बनाई जाएगी। हालांकि अभी यह कितनी बसों बेड़े में शामिल होगी। यह तो बसों के आने के बाद ही जानकारी मिल पाएगी।
तीन नई बसों के शामिल होने के बाद रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या 195 हो चुकी है। पांच बसें अगले 10 से 15 में डिपो में शामिल होनी है। इनके आने के बाद 200 संख्या हो जाएगी। वहीं, जींद व करनाल डिपो से भी बीएस चार तकनीक की बसों को शामिल किया जाएगा। -अजय गर्ग, महाप्रबंधक, कैथल डिपो।