संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति अभियान को लेकर शहर से जागरूकता रैली निकाली। साथ ही प्रात:कालीन सभा में विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई गई।
प्राचार्य निधि गुप्ता ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना सुनील दत्त आत्रेय ने बताया कि नशे से बचने के लिए युवाओं को सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में एनसीसी, स्काउट्स, एनएसएस तथा रेडक्रॉस की गतिविधियों से जोड़ कर समाज को जागृत करना चाहिए। विद्यार्थी नशा अभियान में अहम् भूमिका निभाकर समाजहित में कार्य कर सकते हैं। राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस हर साल दो अक्तूबर को मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है और इसे नशे की लत से मुक्त राष्ट्र बनाने के लिए कार्रवाई और सहयोग को मजबूत करने के दिन के रूप में मनाया जाता है। रैली में संदीप कुमार, प्रदीप कुमार और सोनू गर्ग ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर सुरेंद्र शर्मा, कपिल सिंहमार, सुशील सैनी आदि स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।