संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के वार्षिक दीक्षांत समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर के लगभग 250 विद्यार्थियों ने डिग्रियां (सनद) हासिल की। इनमें मास्टर ऑफ साइंस, मास्टर ऑफ कॉमर्स, मास्टर ऑफ आर्ट्स, मास्टर ऑफ इकोनॉमिक्स, पीजीडीसीए, बैचलर ऑफ कॉमर्स, बैचलर ऑफ साइंस, बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन और बैचलर ऑफ आर्ट्स के तहत अपनी डिग्री प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस विकास गुप्ता थे। समारोह की शुरुआत कॉलेज के राम कृष्ण हॉल में शिक्षण स्टाफ के शैक्षणिक मार्च के साथ हुई।
प्रबंधन और प्रिंसिपल ने मुख्य अतिथि को गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन समारोह शुरू किया गया। प्रिंसिपल डॉ. संजय गोयल ने कहा कि काॅलेज के संकाय सदस्य और छात्र समाज की बेहतरी में योगदान देने वाली मानसिकता बनाने के लिए अपनी विशेषज्ञता देते हैं।
अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि विकास गुप्ता शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा सरकार के आयुक्त और सचिव व हरियाणा परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। उन्होंने कॉलेज द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों और कार्यक्रमों की शुरुआत पर प्रकाश डाला। उन्होंने अन्य पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
विकास गुप्ता ने बताया कि किस प्रकार शिक्षित मस्तिष्क अवसर की कमी को दूर करने का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो के साथ हुआ। मंच का संचालन पीआरओ डॉ. एसपी वर्मा और डॉ. सुरुचि शर्मा ने किया।