संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधायक लीलाराम ने तिरंगा यात्रा की तैयारी के लिए हलका कैथल के गांव दीवाल, सजुमा, गुहना, पाड़ला, गदली, मानस, बाबा लदाना, बुड्ढा खेड़ा और सांगन गांव के दौरे किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहले तिरंगा रैली की तारीख 12 अगस्त को निश्चित हुई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से अब 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा कैथल शहर में निकाली जाएगी, इसमें हलकावासी भाग लेंगे।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश दिन रात प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर देशवासी में देशभक्ति की भावना जागृत होती है , क्योंकि भारतीय जनता पार्टी अगस्त महीने में हर साल पूरे देश के अंदर तिरंगा यात्राएं निकालती है । जिसका मकसद है कि जिन वीर सेनानियों ने देश के लिए कुर्बानी दी, बलिदान दिया हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम भी उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करें। हमें अगस्त के इस महीने में पावन पवित्र पर्व 15 अगस्त पर उन सभी शहीदों को याद करना चाहिए, उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा में कैथल हलके की पूरी जनता सहभागी बनेगी और सभी को देश के प्रति समर्पण और प्रेम भाव दिखाने का मौका मिलेगा। हलके के कई गांव का दौरा करने के बाद विधायक ने कहा कि लोगों का जोश देखकर के लग रहा है कि हजारों की संख्या में ट्रैक्टर, गाड़ियां और मोटरसाइकिल लेकर लोग आएंगे और तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे । उन्होंने हलके के सभी ग्राम वासियों से अपील भी कि आप सभी भी इस तिरंगा उत्सव में शामिल होकर के देश के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करें।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष संजीव कांगड़ा, बलवीर दीवाल, शमशेर राठी, सोमनाथ कंबोज, अनिल सैनी सजुमा, बिट्टू गुहणा, लोकेंद्र मानस, हरेंद्र मानस , बंसीलाल, विनोद सांगण, कुशल पाल, चांदी राम, राजू मानस, अजायब गिरी, चिन्नी बाबा लदाना आदि मौजूद रहे।
गुहला में तिरंगा यात्रा के लिए बनाई रणनीति
गुहला-चीका। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा गुहला की बैठक विश्राम गृह गुहला में हुई। अध्यक्षता कैथल जिला प्रभारी व चेयरमैन हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण बैंक अमरपाल राणा ने की। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को चीका शहर में तिरंगा यात्रा निकली जाएगी। उन्होंने तीनों मंडल अध्यक्ष, सभी शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और अन्य नेताओं की तिरंगा यात्रा को लेकर ड्यूटियां लगाई। पूर्व विधायक व घुमंतू जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुलवंत बाजीगर, संयोजक रवि तारांवाली, सुरता राम शर्मा मौजूद रहे। संवाद