संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कैथल दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरा समाचार है। अब दिल्ली जाने वाले यात्री एसी बस के माध्यम से दिल्ली जा सकेंगे। यह बस करनाल डिपो की ओर से कैथल से दिल्ली के लिए शुरू कर दी है। यह
कैथल से सुबह पौने नौ बजे रवाना
होगी जबकि दिल्ली से वापस कैथल के लिए यह बस दोपहर सवा एक बजे
रवाना होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले कैथल से केवल चंडीगढ़ रोडवेज की एसी बसें ही हिसार-चंडीगढ़ और चंडीगढ़ हांसी मार्ग पर संचालित की जा रही है जबकि दिल्ली के लिए एक भी एसी बस सेवा संचालित नहीं की जा रही थी। कैथल से दिल्ली की एसी बस सेवा करनाल डिपो में एसी बसों के शामिल होने के बाद शुरू की गई है। यह बस 10 बजे करनाल पहुंचेंगी। जबकि वापसी में शाम को चार बजे करनाल पहुंचेंगी।
लंबे से यात्री कर रहे थे मांग ः गौरतलब है कि कैथल से दिल्ली तक एसी बस संचालित करने की मांग काफी पुरानी थी। दरअसल, इससे पहले कभी भी कैथल से दिल्ली के लिए कोई एसी बस शुरू नहीं की गई है। जबकि दिल्ली-चंडीगढ़ मार्ग पर लगातार एसी बसें संचालित की जाती है। अब यात्री सुबह के समय कैथल से एसी बस के माध्यम से दिल्ली तक का सफर तय कर सकेंगे। हालांकि इस बस का किराया सामान्य किराए से 25 प्रतिशत अधिक होगा। एसी बस के माध्यम से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 310 रुपये देने होंगे।
यात्रियों की मांग को देखते हुए करनाल डिपो की ओर से कैथल से दिल्ली तक एसी बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह बस प्रतिदिन सुबह पौने नौ बजे कैथल बस अड्डा से रवाना होगी। इससे यात्रियाें को काफी राहत मिलेगी। - निरंजन सिंह तंवर, प्रभारी, बस अड्डा, कैथल।