कलायत। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका प्रशासन ने जागरूकता अभियान के साथ कार्रवाई भी तेज कर दी है। नगर पालिका की टीम में शामिल सुपरवाइजर सोमप्रकाश शर्मा और सुरेश चहल ने बाजार क्षेत्र का दौरा किया। दुकानों के निरीक्षण के दौरान पॉलिथीन का प्रयोग करते पाए गए 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।
सुपरवाइजर ने बताया कि नगर पालिका सचिव के निर्देश पर स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके तहत दुकानदारों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने और कचरा सड़कों या नालियों में फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की जा रही है। निरीक्षण के दौरान बाजार की कई दुकानों के बाहर कचरे के ढेर भी पाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा ऐसी स्थिति पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाएगा। संवाद